देहरादून। मोनाल कप 2025 की फाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं। शुक्रवार को महाराणा प्रताप क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में सचिवालय ए और सचिवालय पैंथर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दिन का पहला सेमीफाइनल सचिवालय ए और सचिवालय डेंजर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डेंजर ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 135 रन बनाए। नूर ने 34 रन और मनोज बिष्ट ने 29 रन की पारी खेली। सचिवालय ए के लिए आशुतोष विमल सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सचिवालय ए ने स्थिर बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया और 17.3 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। हरीश सैनी और राहुल जेटली ने 37–37 रन जोड़ते हुए टीम का आधार मजबूत किया। डेंजर की ओर से अमित तोमर ने 2 विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आशुतोष विमल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में सचिवालय वॉरियर्स और सचिवालय पैंथर्स आमने-सामने थे। वॉरियर्स की टीम 88 रनों पर सिमट गई। राजीव तड़ियाल ने 23 रन बनाए। पैंथर्स के लिए जितेंद्र सिंह ने उत्कृष्ट गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके।
जवाबी पारी में पैंथर्स ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली और केवल 9 ओवरों में 4 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। प्रमोद नेगी ने आक्रामक अंदाज में 50 रन ठोकते हुए टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। रोहन सैनी ने वॉरियर्स के लिए 2 विकेट चटकाए। शानदार पारी के लिए प्रमोद नेगी मैन ऑफ द मैच बने।
मोनाल कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को सचिवालय ए और सचिवालय पैंथर्स के बीच खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमें खिताबी जंग में अपना सर्वश्रेष्ठ देने को तैयार हैं।
