दीपक मेहरा बने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष, किरण वर्मा ने सचिव बनकर रचा इतिहास

दीपक मेहरा बने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष, किरण वर्मा ने सचिव बनकर रचा इतिहास

देहरादून। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के चुनाव में इस बार इतिहास रचा गया है। सभी पदों के लिए पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। सभी पदों पर मात्र एक-एक नामांकन होने के चलते सभी पदाधिकारियों का चुना जाना तय ही माना जा रहा था। शनिवार को विधिवत रूप से सभी पदाधिकारियों के नाम की घोषणा हुई। दीपक मेहरा अध्यक्ष, किरण वर्मा सचिव, अजय पाण्डेय उपाध्यक्ष, मानस मेंगवाल कोषाध्यक्ष, नूर आलम संयुक्त सचिव, मनोज नौटियाल काउंसलर और सुनील कुमार व अरुण तिवारी को गर्वनिंग बॉडी मेंबर चुना गया।

सचिव पद पर किरण वर्मा ने बनाया रिकॉर्ड

उत्तरकाशी जिले के बड़कोट स्थित तुनालका गांव की बेटी किरण रौतेला वर्मा निर्विरोध सचिव पद पर चुनी गई हैं। बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त किसी भी प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में यह पहला मौका है, जब किसी महिला को सचिव पद की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनकी जीत को पर्वतीय क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में महिला क्रिकेट की नई दिशा के तौर पर देखा जा रहा है।

किरण की नियुक्ति को उत्तराखंड क्रिकेट में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की एक नई शुरुआत कहा जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल स्थानीय समुदाय के लिए गौरव की बात है, बल्कि राज्यभर में बेटियों के लिए प्रेरणा भी है। उन्होंने कहा कि, “सीएयू में महिला सचिव के निर्वाचित होने से उत्तराखंड में महिला क्रिकेट के विकास को नई दिशा मिलेगी। राज्य की बेटियां और अधिक उत्साह से क्रिकेट में भागीदारी करेंगी।”

सीएयू चुनाव में निर्विरोध चुनी गई नई कार्यकारिणी

  • अध्यक्ष: दीपक मेहरा

  • सचिव: किरण रौतेला वर्मा

  • उपाध्यक्ष: अजय पाण्डेय

  • कोषाध्यक्ष: मानस मेंगवाल

  • संयुक्त सचिव: नूर आलम

  • काउंसलर: मनोज नौटियाल

  • गवर्निंग काउंसिल सदस्य: सुनील कुमार जोशी व अरुण तिवारी

पदाधिकारियों के चुनाव में गढ़वाल और कुमाऊं का संतुलन

सीएयू की इस कार्यकारिणी में गढ़वाल और कुमाऊं, दोनों का शानदार प्रतिनिधित्व दिखाई देता है। नामांकन प्रक्रिया 29 अगस्त से 30 अगस्त तक चली। पहले दिन आठ पदों के लिए नामांकन दाखिल हुए थे, जबकि दूसरे दिन कोई नया नामांकन नहीं आया। इसके चलते 30 अगस्त को ही तस्वीर साफ हो गई थी। शनिवार को हुई सीएयू की एजीएम बैठक में सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

“अल्प समय में ही उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। अब वरिष्ठ सदस्यों के सहयोग से हम राज्य में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।”
दीपक मेहरा, नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सीएयू

किरण के निर्वाचन से खुशी की लहर

उत्तरकाशी के बड़कोट स्थित तुनालका गांव निवासी किरण रौतेला वर्मा के सचिव पद पर निर्विरोध चुने जाने से पर्वतीय समाज में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है। उनके पिता केदार सिंह रौतेला और माता सुशीला रौतेला के साथ पूरे गांव और जिले में खुशी का माहौल है। उनका ससुराल देहरादून के केवल विहार में है। लोग इसे उत्तराखंड क्रिकेट और महिला खिलाड़ियों के भविष्य के लिए मील का पत्थर मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top