प्रमुख सचिव का फोटो लगाकर रुपये ठगने की कोशिश, एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

प्रमुख सचिव का फोटो लगाकर रुपये ठगने की कोशिश, एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

देहरादून। उत्तराखंड के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की फोटो डीपी पर लगाकर ठगों ने फर्जीवाड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने अधिकारी के नाम से कई लोगों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे और उनसे रुपयों की मांग की। कई अधिकारियों और कर्मचारियों को इस तरह के मैसेज भेजे गए। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारी को हुई तो उन्होंने तुरंत एसएसपी देहरादून को इसकी शिकायत की। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी बदमाशों ने इसी तरह उनका फोटो इस्तेमाल कर ठगी करने की कोशिश की थी।

यह घटना प्रमुख सचिव ऊर्जा, आवास एवं नियोजन आर मीनाक्षी सुन्दरम के साथ घटी है। प्रदेश के सबसे वरिष्ठ नौकरशाहों में शामिल सुंदरम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने व्हाट्सएप नंबर – 84 81298650 की प्रोफाइल पर उनकी फोटो लगाकर कई लोगों/अधिकारियों से अनावश्यक रूप से पैसों की मांग की। साइबर ठगों ने उन्हें पैसे गूगल पे नंबर – 8974517706 पर भेजने को कहा। उन्होंने शिकायत के साथ लोगों को भेजे गए व्हाट्सएप मैसेज की स्क्रीन शॉट भी उपलब्ध कराई है।

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हो सकता है, ठगी करने के साथ ही कोई उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा हो। उन्होंने बताया कि एक साल पहले भी इसी तरह उनके नाम से कई अधिकारियों और कर्मचारियों से रुपयों की डिमांड की गई थी। उन्होंने 28 मार्च 2024 को इसकी शिकायत करते हुए पत्र भी एसएसपी को भेजा था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top