देहरादून नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर और पार्षदों ने ली शपथ, सीएम और कई मंत्री भी रहे मौजूद

देहरादून नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर और पार्षदों ने ली शपथ, सीएम और कई मंत्री भी रहे मौजूद

देहरादून। प्रदेश के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण देहरादून नगर निगम के नव निर्वाचित बोर्ड ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सबसे पहले नव निर्वाचित महापौर सौरभ थपलियाल को शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर थपलियाल ने बारी-बारी से पार्षदों को शपथ दिलाई। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कई मंत्री-विधायक, अधिकारी मौजूद रहे।

शुक्रवार को नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। करीब एक साल की देरी से हुए चुनावों में भाजपा के सौरभ थपलियाल ने महापौर पद पर कांग्रेस के विरेंद्र पोखरियाल को एक लाख से ज्यादा के अंतर से हराकर रिकॉर्ड जीत हासिल की।

भाजपा को बोर्ड में लगभग दो तिहाई बहुमत

पिछले बोर्ड की तुलना में भाजपा इस बार ज्यादा मजबूत स्थिति में है। पिछले बोर्ड में भाजपा के 60 और कांग्रेस के 34 पार्षद जीतकर आए थे। छह निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की थी। हालांकि बाद में कुछ अन्य पार्षद भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार 100 में से भाजपा के 64, कांग्रेस के 23 और 13 निर्दलीय पार्षद जीते हैं। भाजपा बोर्ड में लगभग दो तिहाई बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गई है। अगले कुछ समय में कुछ अन्य पार्षद भाजपा में शामिल हो सकते हैं, जिससे बोर्ड में भाजपा दो तिहाई बहुमत के जादुई आंकड़े को पार सकती है।

कई मंत्री, विधायक, अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, बृजभूषण गैरोला, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, जिलाधिकारी सविन बंसल, सीडीओ अभिनव शाह, मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, उप नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

सभी निर्वाचित मेयर-महापौर भाजपा के

देहरादून नगर निगम में सभी निर्वाचित महारौप भाजपा के ही रहे हैं। कांग्रेस की मनोरमा डोबरियाल शर्मा भी मेयर रही हैं लेकिन वह नगर पालिकाध्यक्ष के तौर पर जीती थी। हालांकि बाद में नगर पालिका को अपग्रेड कर निगम बनाया गया, जिससे उनका पद भी पालिकाध्यक्ष से बढ़कर मेयर हो गया। उसके बाद भाजपा हुए चुनावों में भाजपा के विनोद चमोली, सुनील उनियाल गामा और अब सौरभ थपलियाल विजयी होकर महापौर बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top