त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ऊधमसिंह नगर के वोटरों ने दिखाया जबरदस्त उत्साह, अल्मोड़ा जनपद रहा फिसड्डी

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ऊधमसिंह नगर के वोटरों ने दिखाया जबरदस्त उत्साह, अल्मोड़ा जनपद रहा फिसड्डी

देहरादून। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दोनों चरण का मतदान हो चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जिलावार मतदान प्रतिशत जारी किया। इसके अनुसार प्रदेशभर में लगभग 70 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जिलों में ऊधमसिंह नगर मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। वहीं, अल्मोड़ा में सबसे कम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 69.16 फीसदी मतदाताओं ने अपने पसंद के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। ऊधमसिंह नगर जिले के 83.21 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरे स्थान पर उत्तरकाशी जिला रहा, जहां 78.81 फीसदी मतदाताओं ने वोट ड़ाले। राजधानी देहरादून में भी वोटिंग को लेकर अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला, जहां 77.83 फीसदी वोटरों ने चुनावों में हिस्सेदारी की। नैनीताल जिले में भी 74.25 फीसदी वोटरों ने अपने पंचायत प्रतिनिधि को चुनने के लिए वोट ड़ाले।

सबसे कम मतदान अल्मोड़ा जिले में हुआ, जहां केवल 59.73 फीसदी वोटरों ने ही वोट ड़ाले। टिहरी गढ़वाल में भी वोटरों में उत्साह कम दिखा। वहां 60.11 फीसदी वोट ही पड़े। पौड़ी में 61.25 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रुद्रप्रयाग में 62.98 प्रतिशत मतदाता ही मतदान के लिए निकले। बागेश्वर में 63.11, पिथौरागढ़ में 64.36 व चमोली में 64.90 प्रतिशत वोटरों ने अपने-अपने वोट ड़ाले। चम्पावत जिले के 67.95 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

12 जिलों में चल रही मतगणना की तैयारियां

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद अब मतगणना की तैयारियां चल रही है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सभी जगह 31 जुलाई को मतगणना होगी। इसके लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर तैयारियां चल रही है। जिला पंचायत की मतगणना जिला स्तर पर और बीडीसी, ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों की मतगणना ब्लॉक स्तर पर होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top