यूपीएल-2 में रोमांचक क्रिकेट के साथ लगेगा म्यूजिक का तड़का, रैपर बादशाह, नीति मोहन जमाएंगे रंग

यूपीएल-2 में रोमांचक क्रिकेट के साथ लगेगा म्यूजिक का तड़का, रैपर बादशाह, नीति मोहन जमाएंगे रंग

देहरादून। क्रिकेट और मनोरंजन का सबसे बड़ा संगम उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन 2 इस मंगलवार से शुरू हो रहा है। 23 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में रोमांचक क्रिकेट मुकाबलों के साथ-साथ देश के दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से स्टेडियम को रोशन करेंगे।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा ने कहा कि यूपीएल एक बार फिर देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को खेल और संस्कृति के भव्य उत्सव में बदलने जा रहा है। इस बार न सिर्फ खिलाड़ियों की प्रतिभा मैदान पर दिखेगी, बल्कि मंच पर देश के बड़े संगीत सितारे भी चार चांद लगाएंगे।

क्रिकेट एसोसिएशन की सचिव किरण रौतेला वर्मा ने कहा कि यूपीएल सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह मंच उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय प्रतिभा का भी उत्सव है। इस बार महिला टूर्नामेंट की शुरुआत मंगलवार से हो रही है और उम्मीद है कि बड़ी संख्या में दर्शक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचेंगे।

चेयरमैन सुनील कुमार जोशी ने कहा कि सीजन का उद्घाटन 23 सितंबर को एक धमाकेदार नाइट से होगा। इसमें इंटरनेशनल सेंसेशन एलनाज़ नौरोजी, गढ़वाली मेशअप कलाकार रुहान भारद्वाज और करिश्मा शाह, लोक ऊर्जा के गायक अज्जू तोमर और अजय चौहान, और डांसर सना सुल्तान अपनी प्रस्तुतियों से मंच को झंकृत करेंगे।

कोषाध्यक्ष मानस मेघवाल ने बताया कि यूपीएल में स्थानीय कलाकारों को भी शामिल किया गया है, ताकि यह टूर्नामेंट सिर्फ क्वालिटी क्रिकेट ही नहीं, बल्कि एक एंटरटेनिंग पैकेज भी बने। बादशाह और नीति मोहन जैसे कलाकारों के शामिल होने से यह आयोजन किसी भी राष्ट्रीय टूर्नामेंट से बड़ा साबित होगा।

स्पार्क स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के फाउंडर राजीव खन्ना ने कहा, यूपीएल वह मंच है जहां युवाओं और कलाकारों के सपने विश्वस्तरीय क्रिकेट से मिलते हैं।

26 सितंबर को नीति मोहन जमाएंगी रंग

महिला टूर्नामेंट के फाइनल के बाद बॉलीवुड आइकन नीति मोहन यूपीएल क्रिकेट कार्निवल में अपनी प्रस्तुति देंगी। उनके गीतों और ग्लैमर से यह शाम खास बनने वाली है। आयोजकों का कहना है कि यह पल खेल और संगीत को जोड़ने का अनूठा अनुभव होगा।

फाइनल में पांच अक्टूबर को बादशाह

समापन समारोह और पुरुष फाइनल के दिन मंच पर उतरेगा देश का सबसे बड़ा हिप-हॉप स्टार बादशाह। उनकी परफॉर्मेंस के साथ जब चैम्पियन टीम को ताज पहनाया जाएगा, तो पूरा स्टेडियम जोश और ऊर्जा से भर जाएगा। आयोजकों का दावा है कि यह फिनाले देहरादून को विश्वस्तरीय मनोरंजन का गवाह बनाएगा।

पहले दिन महिला टीमों के दो मुकाबले

टूर्नामेंट की शुरुआत मंगलवार को दो महिला मैचों से होगी। पहले मुकाबले में दोपहर तीन बजे डिफेंडिंग चैंपियन मसूरी थंडर्स का सामना पिथौरागढ़ हरिकेन्स से होगा। वहीं, शाम 7:30 बजे नई टीम टिहरी क्वीन भिड़ेंगी हरिद्वार स्टॉर्म से।

“यूपीएल की आवाज” प्रतियोगिता भी होगी

इस बार यूपीएल ने एक और पहल की है—“यूपीएल की आवाज” स्पोर्ट्स प्रजेंटर प्रतियोगिता। इसमें 18 से 45 वर्ष तक के युवा प्रतिभागी 30 सेकंड से एक मिनट का वीडियो भेजकर हिस्सा ले सकते हैं। विजेता को टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ब्रॉडकास्ट टीम में प्रस्तुति का मौका मिलेगा। इसमें आवेदन की अंतिम तिथि 23 सितंबर तक बढ़ाई गई है।

धमाकेदार रहा था यूपीएल का पहला सीजन

उल्लेखनीय है कि यूपीएल का पहला सीजन सितंबर 2024 में आयोजित हुआ था। इस बार यह आयोजन न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि कलाकारों के लिए भी एक मंच बनने जा रहा है। 23 सितंबर से 5 अक्टूबर तक देहरादून का राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम खेल और मनोरंजन प्रेमियों के लिए एक आवश्यक डेस्टिनेशन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top