केदारनाथ पुनर्निर्माण के हीरो कर्नल अजय कोठियाल होंगे धराली-हर्षिल आपदा पुनर्निर्माण में सीएम के प्रतिनिधि

केदारनाथ पुनर्निर्माण के हीरो कर्नल अजय कोठियाल होंगे धराली-हर्षिल आपदा पुनर्निर्माण में सीएम के प्रतिनिधि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड सरकार ने एक बार फिर कर्नल अजय कोठियाल पर भरोसा जताया है। बेहद विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कर्नल कोठियाल को सरकार ने अब आपदा से पूरी तरह तबाह हो चुके धराली और हर्षिल के पुनर्निर्माण में सीएम धामी के प्रतिनिधि की जिम्मेदारी सौंपी है।

खुद कर्नल अजय कोठियाल ने अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी साझा की है। बातचीत में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के धराली व हर्षिल समेत अन्य क्षेत्रों में आई आपदा के बाद उन्हें आपदा उपरांत पुनर्वास व पुनर्निर्माण (पोस्ट डिजास्टर रिस्टोरेशन) में अपना प्रतिनिधि बनाया है। उन्होंने कहा कि वो इस ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएंगे। जैसे उन्होंने केदारनाथ की भूमि को फिर से बसाया था, वैसे ही हर्षिल-धराली को भी फिर से जीवित किया जाएगा।

लापता लोगों की तलाश पहली प्राथमिकता

उन्होंने बताया कि लापता लोगों की तलाश और उनका पता लगाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा गंगोत्री यात्रा को सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू करना, चीन सीमा से लगने वाले मार्गों को खोलना और उनकी मरम्मत करना, आपदा से प्रभावित जनता का पुनर्वास और जीवन पुनर्स्थापना, हर्षिल में बनी अस्थायी झील को ठीक करना और मलबा हटाना, आधारभूत ढांचे, सड़कों, पुलों और पर्यटन पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक पुनर्निर्माण योजना तैयार करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

धराली से भटवाड़ी तक पैदल जाकर जायजा लेगी कर्नल की टीम

कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि उनकी टीम धराली से भटवाड़ी तक पैदल जाकर आपदा के वास्तविक हालातों का जायजा लेगी। एक बार रेकी पूरी होने के बाद सरकार के साथ विस्तृत चर्चा होगी और पूरा प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन व आपदा प्रबंधन के अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद वह पूरे क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं ताकि सही स्थिति का पता चल सके।

एक्सपर्ट की टीम के साथ पहुंच रहे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में

उन्होंने बताया कि उनके साथ एनआईएम के पूर्व चीफ इंस्ट्रक्टर दिगंबर सिंह पंवार हैं, जो धराली के निवासी हैं। उनकी मदद से धराली के भवनों और होटलों की असल लोकेशन को पिन कर बचाव अभियान को गति दी जाएगी। इसके अलावा एनआईएम के ही कैप्टन कुंवर सिंह, जो हर्षिल की मैपिंग के एक्सपर्ट हैं, वो भी टीम का हिस्सा है। तीसरे सदस्य एनआईएम के इंस्ट्रक्टर कैप्टन प्रकाश भट्ट भी धराली मैपिंग के एक्सपर्ट हैं। वहीं, कैप्टन रंजीत नेगी भी आपदा और पुनर्निर्माण कार्यों के एक्सपर्ट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top