भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुमाऊं दौरे की तैयारी तेज, 10 सितंबर को होगा गौरव सेनानी मिलन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुमाऊं दौरे की तैयारी तेज, 10 सितंबर को होगा गौरव सेनानी मिलन

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित कुमाऊं दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 10 सितंबर को हल्द्वानी में होने वाले गौरव सेनानी मिलन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समय से सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।

गणेश जोशी ने बैंक कॉलोनी स्थित उपनल के क्षेत्रीय कार्यालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, यातायात व्यवस्था और आगंतुकों की सुविधा से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों और अन्य प्रतिभागियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय से काम करें।

इसके बाद मंत्री ने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इसमें गौरव सेनानी मिलन कार्यक्रम को भव्य, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं। गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।

प्रेस वार्ता में गणेश जोशी ने कहा कि नितिन नवीन का यह पहला कुमाऊं दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का अवसर है। उनके आगमन से संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि गौरव सेनानी मिलन कार्यक्रम पूर्व सैनिकों के सम्मान और देश के लिए उनके योगदान को नमन करने का अवसर बनेगा।

बैठक में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, कार्यक्रम सह-संयोजक जोगेंद्र पाल सिंह, जिला प्रशासन के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top