हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों के सम्मान में गुरुवार को हल्द्वानी में गौरव सेनानी मिलन एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सैनिक को कभी भूतपूर्व नहीं कहा जा सकता, क्योंकि वह जीवनभर सैनिक ही रहता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को ‘अभूतपूर्व’ बताते हुए कहा कि उनका अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, समर्पण और अनुभव समाज को लगातार दिशा देता है।
सैनिक पुत्र होने के नाते त्याग को समझता हूं: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं सैनिक परिवार से आते हैं, इसलिए सेना के जवानों और उनके परिजनों के त्याग, संघर्ष और अनुशासन को करीब से समझते हैं। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि भी बताया।
धामी ने विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरबान सिंह नेगी और गबर सिंह नेगी से लेकर जनरल बीसी जोशी व जनरल बिपिन रावत तक का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं।
सैन्य धाम का निर्माण अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में बन रहा सैन्य धाम लगभग तैयार हो चुका है। यह धाम राज्य के वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान का प्रतीक बनेगा तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा।
उन्होंने सैनिक और उनके परिवारों के लिए राज्य सरकार द्वारा लिए गए फैसलों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है।
परमवीर चक्र विजेताओं के लिए एकमुश्त अनुदान राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दी गई है। बलिदानी सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा देने से जुड़े आवेदन की समय-सीमा भी दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई है।
संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में छूट
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की अचल संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से समाधान करना सरकार की प्रतिबद्धता है।
नितिन नवीन ने भी सैनिकों के योगदान को सराहा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने देश की सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य क्षमता मजबूत हुई है और भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ा है।
उन्होंने सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम नहीं बल्कि प्रथम गांव मानकर उनके विकास को प्राथमिकता देने की बात भी कही। नितिन नवीन ने देहरादून में बन रहे सैन्य धाम को उत्तराखंड के शहीदों और सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
गणेश जोशी ने सैनिक कल्याण योजनाओं का उल्लेख किया
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए शिक्षा, रोजगार और अन्य सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर काम कर रही है। सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कार्यक्रम संयोजक सुरेश भट्ट, ध्रुव रौतेला और पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं और सैनिक परिवार मौजूद रहे।
