देहरादून। महाराणा प्रताप क्रिकेट ग्राउंड में 09 दिसंबर को खेले गए मोनाल कप 2025 के दो मुकाबलों में सचिवालय हरिकेन और सचिवालय ईगल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीत लिए। दोनों ही मुकाबलों में अंत तक रोमांच बना रहा।
दिन के पहले मैच में सचिवालय हरिकेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 139 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विनोद शर्मा ने 43 और ओमीश कुमार ने 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लायंस की तरफ से माधव नौटियाल ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जवाब में उतरी लायंस की टीम लक्ष्य का दबाव नहीं झेल सकी और पूरी टीम 95 रनों पर ढेर हो गई। लायंस के लिए माधव नौटियाल ने 30 और धीरेन्द्र सिंह ने 22 रन बनाए। हरिकेन की ओर से ओमीश कुमार ने 4 और सुनील ने 3 विकेट लेकर जीत की नींव रखी। हरिकेन ने यह मुकाबला 44 रनों से जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए ओमीश कुमार को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
दूसरे मैच में सचिवालय ईगल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। भूपेंद्र बिष्ट ने 63 और सुशील ने 61 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सचिवालय राइजिंग की ओर से अजय सिंह ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग की टीम ने कड़ा संघर्ष किया और 171 रन तक पहुंचने में सफल रही। शुभम ने 52 रनों की जुझारू पारी खेली, जबकि ईगल्स की ओर से हिमांशु नेगी ने 2 विकेट हासिल किए। अंततः सचिवालय ईगल्स ने यह मुकाबला 12 रनों से अपने नाम कर लिया। सुशील को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
