देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। रैली के बाद मुख्यमंत्री स्वयं महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर तक निकाली गई जन आक्रोश पदयात्रा में शामिल हुए और मातृशक्ति के समर्थन में अपना संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया था, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के चलते यह पारित नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने सुनियोजित तरीके से नारी शक्ति के अधिकारों को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति पहले से अधिक जागरूक हैं और अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को उसका अधिकार दिलाने की दिशा में प्रधानमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों को विपक्ष ने विफल कर देश के साथ अन्याय किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मातृशक्ति को नए भारत की सबसे मजबूत आधारशिला माना है और इसी सोच के साथ महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज में नई जागरूकता पैदा की, उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई और जन धन योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। स्टार्टअप योजना के माध्यम से महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ा गया, लखपति दीदी योजना ने आत्मनिर्भरता का नया रास्ता खोला और ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं देश के हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। आदिवासी समाज की बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं और निर्मला सीतारमण जैसे उदाहरण महिलाओं की बढ़ती भूमिका को और मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उनकी सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, हिमानी, रश्मि रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
