राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी: तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी संचालक को मारी गोली

राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी: तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी संचालक को मारी गोली

देहरादून। राजधानी देहरादून की व्यस्त सड़कों पर बुधवार सुबह अचानक गोलियों की आवाज गूंजी और कुछ ही पलों में पूरे इलाके में दहशत फैल गई। शहर के तिब्बती मार्केट के पास करीब साढ़े दस बजे मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 42 वर्षीय अर्जुन शर्मा को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अर्जुन शर्मा वसंत विहार स्थित इंदिरा नगर के निवासी थे और अमरदीप गैस एजेंसी का संचालन करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अपने वाहन के पास खड़े थे तभी अचानक हमलावर आए और बेहद नजदीक से गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत मौके पर बुलाया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक और कारोबारी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि संपत्ति और व्यवसाय को लेकर परिवार के भीतर कुछ समय से मतभेद चल रहे थे। पुलिस इस एंगल को गंभीरता से परख रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। शहर के प्रमुख निकास मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे शहर में इस सनसनीखेज वारदात की चर्चा है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

10 दिनों के भीतर चौथी हत्या से दहली राजधानी

राजधानी देहरादून में पिछले 10 दिनों में यह चौथी हत्या की वारदात है। इससे लोगों में ड़र का माहौल बना हुआ है। वहीं, पुलिसिया कार्रवाई पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। कुछ दिन पूर्व देहरादून के व्यस्ततम बाजार में एक युवक ने दिनदहाड़े युवती की चापड़ मारकर हत्या कर दी थी। युवती ने युवक से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। इसी बीच ऋषिकेश और विकासनगर में भी दो हत्याएं हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top