डीडीए की पासिंग आउट परेड में 106 कैडेट्स ने दिखाया दमखम, 12 बालिकाओं ने भी बढ़ाया मान

डीडीए की पासिंग आउट परेड में 106 कैडेट्स ने दिखाया दमखम, 12 बालिकाओं ने भी बढ़ाया मान

देहरादून। सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया। सहस्त्रधारा रोड स्थित दून डिफेंस एकेडमी (DDA) के त्रिशक्ति कैंपस में एनडीए की तर्ज पर आयोजित पासिंग आउट परेड (POP) में प्रथम पग फाउंडेशन कोर्स-2 के कैडेट्स ने अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण का शानदार प्रदर्शन किया। परेड में 12 बालिकाओं सहित कुल 106 कैडेट्स ने भाग लिया और अंतिम पग पार करने के बाद राष्ट्रसेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

ड्रिल स्क्वायर पर जल, वायु, थल और अग्नि हाउस के बैनर तले कदमताल करते कैडेट्स ने सटीक तालमेल और सैन्य अनुशासन का परिचय दिया। यह सभी कैडेट्स वर्तमान में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत हैं और डिफेंस कोचिंग के माध्यम से एनडीए सहित विभिन्न रक्षा सेवाओं की तैयारी कर रहे हैं। समारोह के मुख्य अतिथि एवं रिव्यूइंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह नेगी (सेवानिवृत्त) ने परेड की सलामी ली।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए ले. ज. गंभीर सिंह नेगी ने कहा कि परेड ग्राउंड पर गूंजते कदम केवल अभ्यास नहीं, बल्कि लक्ष्य, संकल्प और भविष्य की तैयारी का प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर मेहनत और अभ्यास ही एक सफल सैन्य जीवन की मजबूत नींव बनाते हैं। सेना की परंपरा यह सिखाती है कि वर्दी पहनना गौरव की बात है, लेकिन उसे जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ निभाना उससे भी बड़ा कर्तव्य है।

दून डिफेंस एकेडमी के निदेशक संदीप गुप्ता ने बताया कि एनडीए की तर्ज पर पासिंग आउट परेड आयोजित करने का उद्देश्य कैडेट्स को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि एकेडमी के कोर्स-वन के कई कैडेट्स एनडीए और भारतीय नौसेना में चयनित होकर देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि कोर्स-फोर के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, कक्षा छह से 12 तक के छात्रों के लिए इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल प्रोग्राम भी शुरू किया गया है, जिसमें स्कूली शिक्षा के साथ एनडीए, मर्चेंट नेवी, सीपीएल, जेईई और क्रिकेट की प्रोफेशनल कोचिंग दी जाएगी।

कार्यक्रम में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के पूर्व प्राचार्य ब्रिगेडियर विनोद पसबोला (सेवानिवृत्त), दून डिफेंस एकेडमी की डिप्टी डायरेक्टर दिव्या असवाल गुप्ता, एकलव्य गुप्ता सहित एकेडमी की पूरी फैकल्टी और स्टाफ मौजूद रहा। समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना के साथ हुआ।

जिस सपने के लिए जी रहे, उसकी एक झलक पाकर बुलंद हुए हौंसले

देहरादून। दून डिफेंस एकेडमी के परिसर में आयोजित प्रथम पग, फाउंडेशन कोर्स-2 के कैडेट्स की एनडीए की तर्ज पर भले ही प्रतीकात्मक परेड आयोजित हुई हो लेकिन इसने कैडेट्स के जोश और उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है। एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहा प्रत्येक युवा सेना की वर्दी पहनने के जिस गौरवपूर्ण सपने के साथ जी रहा है, शनिवार को उसकी पहली झलक पाते ही उनका संकल्प और मजबूत हो गया। युवाओं ने परेड खत्म करने के बाद कहा कि इस सपने को एनडीए और आईएमए में साकार करना ही उनका उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top