देहरादून। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक निजी बैंककर्मी को गोली मार दी। वारदात उस समय हुई जब युवक अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहा था। गोली पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे युवक घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी और चेकिंग शुरू कर दी है।
घायल की पहचान डीएसपी चौक निवासी सत्यम के रूप में हुई है। वह पटेलनगर स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, सत्यम मंगलवार रात करीब आठ बजे अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से बड़ोवाला की ओर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि बड़ोवाला क्षेत्र में एक बाइक अचानक उनके स्कूटर के सामने आकर रुकी। सत्यम ने स्कूटर रोका ही था कि बाइक सवार युवकों में से एक ने फायर कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बैंककर्मी को एंबुलेंस के जरिए श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार वह फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस अधिकारी अंकित कंडारी के अनुसार, सत्यम की बहन से घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। शुरुआती पूछताछ में किसी तत्काल विवाद की बात सामने नहीं आई है। पुलिस पुरानी रंजिश, पहचान के विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पटेलनगर क्षेत्र में हाल के दिनों में फायरिंग की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 20 अगस्त को शिमला बाईपास तिराहे के पास युवकों के दो गुटों के बीच पुराने विवाद को लेकर फायरिंग हुई थी, जिसमें एक युवक घायल हुआ था। इस नई वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
