उत्तराखंड की बेटियों ने दुनिया में रोशन किया भारत का नाम, सीएम धामी ने किया किया तीनों को सम्मानित

उत्तराखंड की बेटियों ने दुनिया में रोशन किया भारत का नाम, सीएम धामी ने किया किया तीनों को सम्मानित

देहरादून। उत्तराखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी उपलब्धि को सम्मान देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाजों और उनके प्रशिक्षकों का सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न और शुभकामनाएं देकर भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

सम्मानित खिलाड़ियों में निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल शामिल रहीं। इनके साथ कोच बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का समर्पण और परिवार का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।

एशियन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का दम

इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए। दोनों खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।

रोमानिया में लहराया स्वर्णिम परचम

उत्तराखंड की एक अन्य प्रतिभाशाली मुक्केबाज आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को नई उपलब्धि दिलाई। उनकी इस सफलता ने राज्य की युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।

मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण की मिली पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में कोचों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

सरकार खेल प्रतिभाओं के साथ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण शिविरों और खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देना है।

“हमारी बेटियां आज विश्व स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं। उनका संघर्ष और सफलता पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। सरकार खिलाड़ियों के सपनों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी।”
 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top