देहरादून। वरदान संस्था और तस्वीर आर्ट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को 10वें उत्तराखंड उदय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव “जश्न-ए-विरासत” का भव्य शुभारंभ हुआ। डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल परिसर में उद्घाटन समारोह के बाद कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। दोपहर बाद ईसी रोड स्थित मंगला देवी इंटर कॉलेज में भी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, दून इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डा. डीएस मान, समाजसेवी एवं फिल्म अभिनेत्री इंद्राणी पांधी, एडोस रिन्यूवल एनर्जी के जेएस बिष्ट, उत्तराखंड फूड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कन्वीनर अनिल मारवाह, शिक्षाविद डा. सुनील अग्रवाल और समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद सती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की। इसके बाद नई दिल्ली के राहुल खन्ना एजुकेशन थ्रू थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने सड़क सुरक्षा पर जोरदार नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें छात्रों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें अपने माता-पिता व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में प्रो. पंत ने कहा कि सामाजिक मुद्दों पर बच्चों को शिक्षित करने के लिए नुक्कड़ नाटक अत्यंत प्रभावी माध्यम है, और वरदान संस्था की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही भी जीवन के लिए घातक हो सकती है, इसलिए नियम पालन अत्यंत आवश्यक है। डा. मान ने भी कहा कि स्वयं जागरूक हुए बिना समाज में सकारात्मक बदलाव संभव नहीं है। छात्रों को नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
दोपहर बाद मंगला देवी इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कलाकारों की प्रस्तुति से छात्रों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी मिली। धस्माना ने वरदान संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व और संवेदनशीलता को समृद्ध करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरदान के सचिव अनिल चन्दोला ने कहा कि जिम्मेदार और सभ्य नागरिक वही होते हैं जो नियमों का पालन करते हैं, और संस्था का उद्देश्य छात्रों को ऐसे ही जागरूक व जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।
आयोजन में डीआईएस के प्रधानाचार्य डा. दिनेश बर्थवाल, नरेंद्र रौथाण, पूजा चौहान, मनोज दसौनी, संजय मेवाड़, नितेश कुमार, आशीष मिश्रा सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
