हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र से प्रदेशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। चुड़ियाला में आयोजित भव्य कलश बंधन महारैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा को रवाना किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की और सीएमडी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, सेवा और समाज के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव समाप्त कर समान अवसर वाले भारत के निर्माण का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश शुभता, आस्था और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ शुरू किया गया समरसता संकल्प अभियान संत रविदास के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा और सामाजिक सद्भाव को नई मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई हैं।
भगवानपुर क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए गए हैं। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से झील के सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है, जबकि 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना, करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण तथा सड़क, संपर्क मार्ग, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित कई आधारभूत विकास कार्य पूरे किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संत रविदास के समरसता और समानता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज से भेदभाव पूरी तरह समाप्त नहीं होगा, तब तक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र का सपना अधूरा रहेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को देशभर में कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है, ताकि उनके विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समरसता संकल्प यात्रा को प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचाने के लिए भाजपा के जिलाध्यक्षों को कलश भी सौंपे। कार्यक्रम में संत समाज, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
