चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर सरकार गंभीर, सीएम धामी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में हुई समीक्षा

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर सरकार गंभीर, सीएम धामी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में हुई समीक्षा

देहरादून। चारधाम यात्रा-2026 को लेकर सरकार की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का फोकस यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढ़ंग से संचालित करवाना है। खुद सीएम धामी ने चारधाम यात्रा-2026 को लेकर व्यापक एक्शन प्लान तैयार करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस बार यात्रा को हर दृष्टि से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाए।

गुरुवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार, विश्वकर्मा भवन में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है, इसलिए हर स्तर पर मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ‘ग्रीन एवं क्लीन चारधाम यात्रा’ अभियान को और प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश देते हुए प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने, कलेक्शन बॉक्स स्थापित करने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रा को लेकर कोई भी भ्रामक या फर्जी खबर फैलाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, आपूर्ति व्यवस्था और डिजिटल मॉनिटरिंग को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी हेलीकॉप्टरों की नियमित मेंटेनेंस और फिटनेस जांच अनिवार्य हो, ओवरलोडिंग न हो और मौसम आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत किया जाए।

यात्रा मार्गों पर मेडिकल यूनिट्स, अस्थायी अस्पताल, पेयजल, शौचालय और शेल्टर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ गैस, पेट्रोल, डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और तकनीकी निगरानी को मजबूत करते हुए नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से तैयारियों की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, वर्चुअल माध्यम से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायकगण, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रीन एवं क्लीन यात्रा पर रहेगा जोर

चारधाम यात्रा-2026 के तहत “ग्रीन एवं क्लीन यात्रा” को व्यापक रूप से लागू किया जाएगा, जिसमें प्लास्टिक पर पूरी तरह लगाम लगाने और यात्रा मार्गों पर कलेक्शन बॉक्स स्थापित करने की व्यवस्था होगी। यात्रा को लेकर किसी भी प्रकार की फर्जी या भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हेली सेवाओं में नहीं होने देंगे लापरवाही

हेली सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी, इसके लिए सभी हेलीकॉप्टरों की नियमित मेंटेनेंस और फिटनेस जांच अनिवार्य होगी तथा SOP का सख्ती से पालन कराया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग और स्लॉट सिस्टम लागू किया जाएगा, वहीं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को और सरल एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

यात्रा मार्ग पर सभी दुकानों पर लगेगी रेट लिस्ट

यात्रा मार्गों पर ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करनी होगी। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मेडिकल यूनिट्स और अस्थायी अस्पताल बढ़ाए जाएंगे, साथ ही पेयजल, शौचालय और शेल्टर जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। पशु चिकित्सालयों की संख्या और सुविधाओं में भी वृद्धि की जाएगी।

जाम से निपटने को सख्त ट्रैफिक प्लान होगा लागू

ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए सख्त ट्रैफिक प्लान लागू होगा और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि स्थानीय नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो। सुरक्षा के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर CCTV कैमरे सक्रिय रहेंगे और आवश्यकता अनुसार AI आधारित निगरानी प्रणाली लागू की जाएगी।

अलर्ट मोड में रहेगी एसडीआरएफ व एनडीआरएफ

आपदा प्रबंधन के तहत SDRF और NDRF को अलर्ट मोड में रखा जाएगा, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर पहले से संसाधनों की तैनाती की जाएगी तथा 24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आपूर्ति व्यवस्था के तहत गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top