नैनीताल में विकास का नया अध्याय: 112 करोड़ की योजनाएँ समर्पित, रिवर्स पलायन में 44% की बढ़ोतरी

नैनीताल में विकास का नया अध्याय: 112 करोड़ की योजनाएँ समर्पित, रिवर्स पलायन में 44% की बढ़ोतरी

नैनीताल/ देहरादून। लेटीबुंगा मैदान शुक्रवार को उस समय उत्साह से भर उठा, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शशबनी ग्राम पंचायत में आयोजित जनसभा के दौरान 112 करोड़ 34 लाख रुपये की 17 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले महिला स्वयं सहायता समूहों और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों को बारीकी से देखा और इनसे जुड़ी महिलाओं को प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने मंच से क्षेत्र से जुड़े कई बहुप्रतीक्षित कार्यों की घोषणा की। भीमताल क्षेत्र के नाई, भीड़ापानी, सिलौटी, सुन्दरखाल, देवनगर और डालकन्या गांवों में मिनी स्टेडियम बनने से युवाओं को खेल सुविधाएँ बढ़ेंगी। ओखलकांडा में करायल बैण्ड–टकुरा वन चौकी मार्ग का डामरीकरण, भीमताल बाईपास नहर का अधूरा हिस्सा पूरा कराने, नई पार्किंग, नए रोडवेज बस स्टेशन और अग्निशमन केंद्र की स्थापना से क्षेत्रीय यातायात और सुरक्षा तंत्र मजबूत होने जा रहा है। साथ ही नौकुचियाताल–खड़की खरौला, कसियालेख–काफली–पदीकनाला और बडोन–सिमलिया–साननी जैसे महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्गों का मिलान और सुधार कार्य भी तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा ही नहीं, पूरा नैनीताल जिला योजनाबद्ध रूप से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग–10 की जर्जर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए लगभग 9.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति तत्काल प्रदान की गई है।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड आज अपने विकास के स्वर्णिम चरण में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर में तेज़ी से सुधार हो रहा है। कैंची धाम, नैनादेवी मंदिर और मुक्तेश्वर धाम जैसे प्रमुख देवस्थलों का पुनर्विकास भी मिशन मोड में चल रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई ऊँचाइयाँ मिलने लगी हैं।

धामी ने कहा कि पहाड़ों से होने वाले पलायन को रोकने के लिए शुरू की गई पहलकदमियों—एक जनपद–दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, होमस्टे नीति और वेड इन उत्तराखंड—ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई जान फूँकी है। उन्होंने बताया कि पलायन आयोग की नई रिपोर्ट में रिवर्स पलायन 44% बढ़ा है, बेरोजगारी दर 4.4% घटी है और नीति आयोग के SDG इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुँचा है।

राज्य में नकल माफियाओं के विरुद्ध लागू किए गए कठोर कानून को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका प्रभाव साफ दिख रहा है—26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली, 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए और विजिलेंस ने भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक सरकारी कार्मिकों को कटघरे में खड़ा किया है।

कार्यक्रम में भवाली बाईपास पार्ट–1 और 2, भीमताल बाईपास सड़क सुधार, नैनीताल की 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट, हल्दूचौड़ एलबीएस कॉलेज में पुस्तकालय और बहुउद्देश्यीय हॉल, पुछड़ी में गौशाला, और राजकीय विद्यालय जाडापानी में पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब तथा विज्ञान प्रयोगशाला जैसी कई योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में लालकुआँ महाविद्यालय के परीक्षा भवन, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय की चाहरदीवारी, गौलापार स्टेडियम में पूल कवरिंग तथा बेतालघाट, पंगोट–दैचौरी और ओखलकांडा सभागार का भी शिलान्यास किया गया।

विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि स्वीकृत विकास परियोजनाएँ क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरतों को पूरा करेंगी। उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति की भी जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, ओखलकांडा केडी रूबाली, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसपी यातायात जगदीश चंद्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top