उत्तराखंड में ₹1,475 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 62 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

उत्तराखंड में ₹1,475 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 62 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत प्रदेश को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कुल 1,475.31 करोड़ रुपये की 62 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 1,073.11 करोड़ रुपये की 44 नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि 402.20 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 18 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

इन परियोजनाओं का दायरा बिजली, पेयजल, सड़क, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक फैला है। सरकार को उम्मीद है कि इनके जरिए प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

बिजली और पेयजल से जुड़ी परियोजनाओं पर जोर

ऊर्जा क्षेत्र में यूपीसीएल की कुल 23 परियोजनाएं शामिल रहीं। इनमें 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों का उद्देश्य प्रदेश में बिजली आपूर्ति से जुड़े ढांचे को मजबूत करना और विद्युत सुविधाओं का विस्तार करना है।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास और 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण हुआ। वहीं, जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनसे विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हरिद्वार कुंभ और पर्यटन परियोजनाओं को भी मिली जगह

आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को देखते हुए हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी योजनाओं में शामिल किया गया है। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का शिलान्यास और 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया।

पर्यटन क्षेत्र में 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी संस्थानों में भी होंगे काम

शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी परियोजनाओं के तहत तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास किया गया। वहीं, 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण हुआ। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के भवन निर्माण से जुड़ा कार्य भी शामिल है।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 19.01 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पीजी ब्लॉक का शिलान्यास किया गया। चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाएं भी लोकार्पित की गईं।

देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में बनेगा फायर स्टेशन

गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो योजनाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया। देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण होगा। इन परियोजनाओं से साइबर सुरक्षा और अग्निशमन सेवाओं से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

डेयरी क्षेत्र में सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट स्थापित करने के लिए 48.21 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। इससे दुग्ध प्रसंस्करण और इससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने का लक्ष्य है।

सड़क, आवास और उद्योग से जुड़ी योजनाएं भी शामिल

लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की एक योजना की आधारशिला रखी गई, जबकि 12.48 करोड़ रुपये की एक परियोजना का लोकार्पण हुआ। इसके अलावा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top