उत्तराखण्ड राज्योत्सव में शाह-धामी ने दिए तीन बड़े सम्मान, नरेंद्र सिंह नेगी-हेमंत पांडे समेत 23 सम्मानित

उत्तराखण्ड राज्योत्सव में शाह-धामी ने दिए तीन बड़े सम्मान, नरेंद्र सिंह नेगी-हेमंत पांडे समेत 23 सम्मानित

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्रदेश की कला, संस्कृति, सिनेमा, सामाजिक सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया। समारोह में छह बच्चों को प्रथम मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार और 15 महानुभावों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से भी नवाजा गया।

नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित कलाकारों को सम्मानित किया गया। लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को वर्ष 2024 तथा अभिनेता हेमंत पांडे को वर्ष 2025 का लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने गीतों के जरिए उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, सामाजिक परिस्थितियों और जनभावनाओं को आवाज दी है। वहीं, हेमंत पांडे ने अभिनय के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड का नाम रोशन किया है।

छह बच्चों को मिला पहला मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार

समारोह में अलग-अलग घटनाओं के दौरान असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाने वाले छह बच्चों को प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रत्येक बच्चे को पदक, प्रशस्ति पत्र और 51 हजार रुपये की सम्मान राशि दी गई। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।

सम्मानित बच्चों में चमोली की दिव्या, दीपिका और आरव सिंह शामिल हैं। तीनों ने 22 दिसंबर 2025 को जीआईसी यूपीएस हरिशंकर के परिसर में भालू के हमले के दौरान साहस दिखाया था। भालू ने कक्षा छह के छात्र आरव पर हमला किया तो दिव्या ने उसे बचाने का प्रयास किया। दीपिका ने तत्काल नौ अन्य विद्यार्थियों को सुरक्षित कमरे में पहुंचाया।

चम्पावत की माया को नदी के तेज बहाव में फंसी एक बालिका की जान बचाने के लिए सम्मानित किया गया। पांच अगस्त 2025 को भारी बारिश के दौरान नदी में बह रही बालिका को बचाने के प्रयास में माया स्वयं भी घायल हो गई थीं।

देहरादून की आराध्या ने दो जून 2026 को भारी बारिश और अचानक आए मलबे-पानी के खतरे को भांपकर अपने घर के 17 लोगों को सतर्क किया। उन्होंने तीन साल की बच्ची को भी पानी के तेज बहाव से सुरक्षित निकाला।

टिहरी गढ़वाल की श्वेता को सड़क पर तेज गति से आ रहे वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति को बचाने के लिए सम्मानित किया गया। 30 जनवरी 2025 को उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को सड़क के किनारे सुरक्षित पहुंचाया था।

15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026

राज्य के विकास और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 लोगों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 प्रदान किया गया। राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत सम्मानित किया गया।

चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता में मनमोहन भारद्वाज, फिल्म जगत में हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायन में हेमा नेगी करासी और शिक्षा एवं पत्रकारिता में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान मिला।

सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह, जबकि पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरणविद् सुरेश भाई को सम्मानित किया गया। लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को भी उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया।

खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली पांच खिलाड़ियों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल हैं।

कला, साहस और उपलब्धियों को पहचान देने की पहल

राज्योत्सव समारोह में दिए गए इन सम्मानों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने वाले कलाकारों, कठिन परिस्थितियों में साहस दिखाने वाले बच्चों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों के योगदान को सार्वजनिक पहचान दी गई। इन पहलों का उद्देश्य उत्तराखण्ड की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी को समाज तथा राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top