नैनीताल को मिली 121 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया 13 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

नैनीताल को मिली 121 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया 13 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल दौरे के दौरान जिले को 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 13 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जिले के आधारभूत ढांचे, पर्यटन सुविधाओं और जनोपयोगी व्यवस्थाओं को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।

कार्यक्रम में 42 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का भूमि पूजन किया गया। इस परियोजना के पूरा होने से नैनीताल शहर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या को काफी हद तक समाधान मिलेगा।

मुख्यमंत्री द्वारा 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से पूर्ण दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत से जुड़ी 11 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

लोकार्पित योजनाओं में 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन एवं प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य शामिल है। योजना के तहत झील का संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण किया गया है, जिसमें दो झीलों का निर्माण, उनके मध्य डक्ट, जल शुद्धता के लिए एयरेशन प्लांट, नौ दुकानों, शौचालय ब्लॉक, लिफ्ट एवं ट्रांजिट भवन तथा चारों ओर पैदल पथ का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुस्तकालय की संरचनात्मक मजबूती और पुनरुद्धार का कार्य भी लोकार्पित किया गया।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए 11 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। बेतालघाट विकासखंड में 9 करोड़ 63 लाख 9 हजार रुपये की लागत से दूनीखाल से रातीघाट पाडली मोटर मार्ग पर 74.15 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस सेतु का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

नैनीताल नगर क्षेत्र में 34 करोड़ 3 लाख 13 हजार रुपये की लागत से नेशनल होटल तल्लीताल क्षेत्र में ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 202 चार पहिया और 96 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। रामनगर में 38 करोड़ 57 लाख 64 हजार रुपये की लागत से पुरानी तहसील की भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है, जहां 343 वाहनों की पार्किंग सुविधा के साथ 16 दुकानों का निर्माण किया जाएगा।

पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रामनगर विकासखंड के ग्राम शंकरपुर और जोगीपुरा में जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर लगाए जाएंगे, जिससे लो वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा। बेतालघाट के ग्राम अमेल में 60 लाख 57 हजार रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना का निर्माण किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए विधानसभा हल्द्वानी में चार विद्यालयों, लालकुआं में 14 विद्यालयों एवं एक आंगनबाड़ी केंद्र, कालाढूंगी में विद्यालयों, सड़क व स्वास्थ्य संस्थानों तथा रामनगर में चार विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा गोला नदी के दानीजाला क्षेत्र में 28 लाख 82 हजार रुपये की लागत से रिवर क्रॉसिंग केबल का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी विकास कार्य जनपद नैनीताल में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, पर्यटन को प्रोत्साहन देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाएं निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास और आमजन के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, नवीन वर्मा, मंडी परिषद के सलाहकार सदस्य मनोज जोशी, आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top