मुख्यमंत्री धामी ने किया रुद्रप्रयाग में पुल-सुरंग परियोजना का निरीक्षण, 156 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण जल्द

मुख्यमंत्री धामी ने किया रुद्रप्रयाग में पुल-सुरंग परियोजना का निरीक्षण, 156 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण जल्द

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रुद्रप्रयाग में चारधाम सड़क परियोजना के तहत अलकनंदा नदी पर निर्मित पुल-सुरंग मार्ग का निरीक्षण किया। करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना पर सोमवार से ट्रायल के आधार पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही परियोजना का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।

परियोजना में अलकनंदा नदी पर करीब 200 मीटर लंबा पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है। संपर्क मार्ग समेत इसकी कुल लंबाई लगभग 1.18 किलोमीटर है। यह मार्ग केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-107) को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) से सीधे जोड़ेगा।

नियमित यातायात शुरू होने के बाद केदारनाथ और बदरीनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग बाजार से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में यातायात का दबाव कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ बेहतर सड़क संपर्क विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ढलान सुरक्षा और स्थिरीकरण कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए इन कार्यों को महत्वपूर्ण बताया।

संगम लाइब्रेरी का भी किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान के तहत संगम लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत संगम लाइब्रेरी को अब तक 2,500 से अधिक पुस्तकें प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें प्रतियोगी परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान, साहित्य और विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं। मुख्यमंत्री धामी ने भी अभियान में 150 पुस्तकें उपलब्ध कराकर योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें ज्ञान और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जनसहभागिता से पुस्तकालयों को समृद्ध करने की ऐसी पहल युवाओं में अध्ययन और सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देगी।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत प्राप्त पुस्तकों को विद्यार्थियों और पाठकों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। खासतौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को इसका लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top