देहरादून। उत्तराखंड के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में करीब 30 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में विभाग की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने रईस अहमद को सम्मानित करते हुए उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी विभाग की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने में प्रत्येक कर्मचारी की अहम भूमिका होती है। विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का योगदान भी कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण रहता है।
महानिदेशक ने कहा कि रईस अहमद ने लगभग तीन दशक तक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उनका समर्पण और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन किसी कर्मचारी का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति उसका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के आगामी जीवन के लिए बेहतर स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
विदाई समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने रईस अहमद के साथ बिताए समय को याद किया। उनके कार्यकाल से जुड़े अनुभव साझा करते हुए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह में सूचना कर्मचारी संघ की ओर से अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान और संयुक्त मंत्री पारूल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


