नाटकों के जरिये दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, ‘जश्न-ए-विरासत’ के चौथे दिन दो प्रभावी नाटकों का मंचन

नाटकों के जरिये दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, ‘जश्न-ए-विरासत’ के चौथे दिन दो प्रभावी नाटकों का मंचन

देहरादून। वरदान संस्था और तस्वीर आर्ट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10वें उत्तराखंड उदय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव ‘जश्न-ए-विरासत’ के चौथे दिन दो प्रभावी नाटकों का मंचन हुआ। हरिद्वार रोड स्थित कंबाइंड (पीजी) इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल स्टडीज एंड रिसर्च (सीआईएमएसआर) और राजकीय इंटर कॉलेज माजरी माफी में कलाकारों ने अपने मंचन के माध्यम से युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

सीआईएमएसआर में कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन ललित जोशी, प्राचार्य डॉ. चेतना, शिक्षाविद् डॉ. सुनील अग्रवाल एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद नई दिल्ली से आए राहुल खन्ना एजुकेशन थ्रू थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, जिसने अपने संवादों और जीवंत अभिनय से युवाओं को गहराई से प्रभावित किया।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए ललित जोशी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ हर वर्ष लाखों लोगों की जान ले लेती हैं और अनेक प्रतिभाशाली युवा असमय काल का ग्रास बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक लोग स्वयं यातायात नियमों का पालन करने की पहल नहीं करेंगे, तब तक दुर्घटनाओं में कमी लाना संभव नहीं है।

इसके पश्चात कलाकारों ने माजरी माफी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर नाटक का पुनः मंचन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। यदि सभी लोग यातायात नियमों के पालन का संकल्प लें, तो दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं फिल्म अभिनेत्री इंद्राणी पांधी तथा डॉ. सुनील अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कमलेश कुमार मिश्र को स्मृति चिन्ह भेंट किया। आयोजन को सफल बनाने में विवेक बड़थ्वाल, पारस शर्मा, मनोज दसौनी, संजय मेवाड़, नितेश कुमार, अमित शर्मा समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top