रुद्रप्रयाग/देहरादून। हिमालय की गोद में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा ने अब पूर्ण रूप से रफ्तार पकड़ ली है। कल 23 अप्रैल 2026 को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
निर्धारित शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। शीतकालीन प्रवास के बाद धाम के दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, जिससे केदारपुरी क्षेत्र पूरी तरह आस्था के रंग में डूबा नजर आया।
परंपरा के अनुसार कपाट खुलने से पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल से यात्रा कर धाम पहुंची। कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा, जिसमें साधु-संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक दिव्य स्वरूप दिया।
राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और आपदा प्रबंधन से जुड़े इंतजामों को मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजीकरण व्यवस्था और निगरानी तंत्र भी सक्रिय रखा गया है।
चारधाम यात्रा के क्रम में इससे पहले अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जा चुके हैं, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट भी निर्धारित तिथि पर खोले जाएंगे। ऐसे में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ने लगी है और आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि की संभावना है।
आस्था, परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य के संगम के रूप में विख्यात केदारनाथ धाम एक बार फिर छह माह के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल गया है, जहां आने वाले समय में देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम से करवाई पहली पूजा
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी केदारनाथ धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी धर्मपत्नी के साथ इस पावन अवसर पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
पीएम मोदी ने साझा की केदारनाथ यात्रा की तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर केदारनाथ यात्रा की अपनी पिछले वर्षों की तस्वीरें साझा की। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि केदारनाथ धाम के दर्शन से उन्हें नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
