देहरादून। देहरादून में शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। ब्लूमिंग बड्स स्कूल को हाईस्कूल स्तर की मान्यता मिल गई है, जिससे क्षेत्र के छात्रों को अब कक्षा 10 तक की पढ़ाई अपने ही इलाके में उपलब्ध हो सकेगी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों से गढ़ीकैंट स्थित ब्लूमिंग बड्स स्कूल को हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त हो गई है। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि के लिए कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व में एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को हाईस्कूल स्तर तक मान्यता दिलाने का आश्वासन दिया था। अब उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप यह विद्यालय, जो पहले कक्षा 8 तक संचालित था, हाईस्कूल स्तर तक उन्नत हो गया है।
छात्रों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर लाभ
इस उपलब्धि पर मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब उच्च कक्षाओं की पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा शिक्षा विभाग का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और विस्तार के लिए कार्य कर रही है, और यह मान्यता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इन विषयों की होगी पढ़ाई
विद्यालय में हाईस्कूल स्तर पर अब विभिन्न विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी, जिनमें हिंदी, अंग्रेजी, तृतीय भाषा, संस्कृत, वाणिज्य, गणित/गृह विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, योग, आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य शिक्षा, कृषि, कार्यानुभव/उद्यमिता विकास, कला शिक्षा, संगीत तथा बालिकाओं के लिए पेंटिंग जैसे विषय शामिल हैं।
