देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने अगस्त 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में भेज दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से वन-क्लिक के माध्यम से पेंशन की राशि जारी की। इसके तहत लाभार्थियों के खातों में कुल 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध, विधवा, दिव्यांग और अन्य जरूरतमंद वर्गों को समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन वितरण में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से उन लाभार्थियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिनका किसी कारण से आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे पात्र लोगों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।
समाज कल्याण विभाग के प्रस्तुतीकरण के अनुसार, अगस्त में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए यह राशि तय की गई। कुल लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लोग राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के तहत शामिल हैं, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थियों को राज्य स्तर की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
अगस्त के पेंशन भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश के रूप में शामिल हैं।
इस महीने 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।
बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में प्रस्तावित राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन की जानकारी भी दी गई। इसमें सामाजिक न्याय और अधिकारिता से जुड़े मुद्दों पर केंद्र, राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद होगा।
बैठक में समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक हेमलता पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
