देहरादून। उत्तराखंड सरकार अब दुबई में भी नौकरी लगाएगी। इसके लिए भारत सरकार में इम्पैनल दो एजेंसियों का चयन किया गया है। योजना के तहत दुबई में नौकरी के साथ ही मुफ्त आवास, टांसपोर्ट और बीमा की सुविधा भी मिलेगी। यही नहीं, एक साल तक नौकरी करने पर भारत से दुबई तक जाने का हवाई टिकट भी मुफ्त मिलेगा। जबकि दो साल की नौकरी पूरी करने वालों को आने-जाने का हवाई टिकट मुफ्त मिलेगा।
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड (BOCWW) प्रदेश में पंजीकृत श्रमिकों के लिए यह शानदार योजना लेकर आया है, जिसके पायलट प्रोजेक्ट के तौर पहले साल 500 श्रमिकों को दुबई भेजने की योजना है। बोर्ड के सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का ने बताया कि दुबई में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार में इम्पैनल दो एजेंसियों का चयन किया गया है। अभी दुबई में राजमिस्त्री, शटरिंग कारपेंटर, प्लंबर और हेल्पर की आवश्यकता है, जिन्हें एजेंसियों के माध्यम से रोजगार दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पद सीमित है, इसलिए पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एजेंसी श्रमिकों के पासपोर्ट और वीजा तैयार करने में भी पूरी मदद करेगी। शुरूआती चरण में इसमें आने वाला खर्च भी बोर्ड वहन करेगा। इसका मतलब ये हुआ कि श्रमिकों को दुबई में रोजगार हासिल करने के लिए अपनी जेब से एक रूपया भी खर्च नहीं करना होगा। उन्होंने बताया कि स्किल्ड लेबर को प्रतिमाह करीब 45 हजार रुपये और अनस्किल्ड को करीब 35 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। ओवरटाइम के लिए अलग से भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा श्रमिकों के आवास, लोकल ट्रांसपोर्ट, मेडिकल फैसिलिटी, इंश्योरेंस की व्यवस्था भी एजेंसी ही करेगा। साथ ही, एजेंसी का वन प्वाइंट सेंटर भी होगा, जिससे श्रमिकों को वहां किसी भी तरह की दिक्कत होने पर तुरंत मदद मिल सकेगी।
बोर्ड में पंजीकरण और ट्रेनिंग अनिवार्य
बोर्ड सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का ने बताया कि योजना के तहत केवल उन्हीं श्रमिकों को नौकरी के लिए चुना जाएगा, जो बोर्ड में पंजीकृत हों और उन्होंने संबंधित स्किल ट्रेनिंग ली हो। श्रमिकों के परिजन भी योजना में शामिल हो सकते हैं लेकिन प्राथमिकता पंजीकृत श्रमिक को दी जाएगी।
व्हाट्स एप नंबर पर कर सकते हैं संपर्क
योजना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने और आवेदन के लिए व्हाट्स एप नंबर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक श्रमिक व्हाट्स एप नंबर 7307026440, 9569944108, 9872447912 व 9056206440 पर संपर्क कर सकते हैं।
नए श्रमिक भी करवा सकते हैं पंजीकरण
अब तक जिन श्रमिकों ने बोर्ड में पंजीकरण नहीं करवाया है, वो भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का के अनुसार, सभी श्रमिक बोर्ड में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। बोर्ड इसके अलावा भी श्रमिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रहा है। तीन माह बाद वो इस नौकरी के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। प्राथमिकता उन श्रमिकों को दी जाएगी, जो पहले से पंजीकृत हैं।
नहीं रहेगा फंसने या पैसे डूबने का खतरा
विदेश जाने वालों को कई बार वहां फंसने या तनख्वाह इत्यादि का पैसा डूबने का खतरा रहता है। उत्तराखंड सरकार और इम्पैनल एजेंसी के माध्यम से जाने पर यह खतरा नहीं रहेगा। सभी श्रमिक न केवल तमाम सुविधाओं के साथ नौकरी कर सकेंगे बल्कि उन्हें वहां कोई दिक्कत होने पर तुरंत मदद भी मिल सकेगी।
