देहरादून। युवाओं को रोजगार और नियोक्ताओं को नई भर्तियों के लिए प्रोत्साहन देने वाली केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) अब उत्तराखंड में भी असर दिखाने लगी है। योजना के तहत प्रदेश के करीब चार हजार कर्मचारियों को करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलने जा रही है। इसी क्रम में 19 जून को देशभर के साथ उत्तराखंड में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
यह जानकारी बुधवार को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त विजय विक्रम बहादुर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करेंगे। इसके साथ ही देहरादून, हरिद्वार और सेलाकुई सहित देशभर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि देहरादून में मुख्य आयोजन मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा तथा विकसित भारत रोजगार योजना की जानकारी देने के साथ नव नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
विजय विक्रम बहादुर सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, युवाओं की रोजगार क्षमता विकसित करना और औपचारिक क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना है। केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए 99,446 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। अनुमान है कि अगले दो वर्षों में इससे देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार अवसर सृजित होंगे, जिनमें लगभग 1.92 करोड़ युवा पहली बार औपचारिक कार्यबल का हिस्सा बनेंगे।
योजना के तहत पहली बार ईपीएफओ से जुड़ने वाले तथा एक लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को एक माह के वेतन के बराबर, अधिकतम 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दो किश्तों में दी जाती है। वहीं अतिरिक्त रोजगार उपलब्ध कराने वाले नियोक्ताओं को भी प्रति अतिरिक्त कर्मचारी पर दो वर्षों तक हर माह तीन हजार रुपये तक का प्रोत्साहन मिलता है। विनिर्माण क्षेत्र के लिए यह लाभ चार वर्षों तक जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में योजना के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। जून 2026 में प्रदेश के 902 प्रतिष्ठानों के 3,991 कर्मचारियों को लगभग 2.22 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। वहीं 562 नियोक्ताओं को करीब 15.82 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को औपचारिक रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ ही उद्योगों को भी नई भर्तियां करने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
