देहरादून। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला रेखा बंसल की हत्या के मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला के घर में काम करने वाला विनीत कुमार ही हत्या का आरोपी निकला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और महिला के बीच बकाया मजदूरी के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान विनीत कुमार ने महिला का मुंह हाथ से दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी महिला के हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। उसके पास से महिला का सोने का कड़ा भी बरामद किए जाने की बात कही गई है।
आरोपी विनीत कुमार मूल रूप से मंजयाली, नौगांव तहसील बड़कोट, उत्तरकाशी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस उससे वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ कर रही है।
घटना के समय घर में अकेली थीं रेखा बंसल
पुलिस के मुताबिक, तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत पड़ी हैं और चेहरे पर चोट के निशान हैं। रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून भी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता देखते हुए तत्काल खुलासे के निर्देश दिए गए। मृतका के पति की तहरीर पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
स्कूटी से पहुंचा आरोपी, पीछे के दरवाजे से घर में घुसा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनीत कुमार करीब 15 वर्षों से बंसल परिवार को जानता था। वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप में हेल्पर का काम करता था और रिंग रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड भी था।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे घर के पीछे का दरवाजा खुला होने की जानकारी थी। वह उसी रास्ते अंदर गया, जहां रेखा बंसल अकेली थीं। मजदूरी के बकाया पैसे मांगने पर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार किया। महिला के शोर मचाने पर उसने उनका मुंह और नाक दबा दिया।
सीसीटीवी, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से पहुंची पुलिस आरोपी तक
पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान विनीत कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली।
इसके बाद रायपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 309(4) और 117(2) के तहत कार्रवाई की है। मामले के खुलासे पर आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम के लिए पांच हजार और एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
