रंगों में सजी यादें, कला के जरिए जीवंत हुआ “स्मरण”, दूसरे दिन वरिष्ठ कलाकारों ने दिया लाइव डेमोंस्ट्रेशन

रंगों में सजी यादें, कला के जरिए जीवंत हुआ “स्मरण”, दूसरे दिन वरिष्ठ कलाकारों ने दिया लाइव डेमोंस्ट्रेशन

देहरादून। यशकृतिका फाउंडेशन की ओर से आयोजित “Echoes of Expression – स्मरण” चित्रकला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला कला और संवेदनाओं का अनूठा संगम बनकर उभर रही है। 14 मई से 20 मई 2026 तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में देशभर से आए कलाकार अपनी रचनात्मकता के रंग बिखेर रहे हैं। यह आयोजन प्रसिद्ध चित्रकार स्वर्गीय कृतिका उनियाल की स्मृति और उनकी तृतीय पुण्यतिथि को समर्पित है।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन कलाकारों ने लाइव पेंटिंग डेमो के माध्यम से दर्शकों को कला सृजन की बारीकियों से रूबरू कराया। कैनवास पर उभरते रंगों और आकृतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों में उत्तराखंड की संस्कृति, लोकजीवन, पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण को बेहद खूबसूरती से उकेरा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ और युवा कलाकारों ने मिलकर कला का ऐसा वातावरण तैयार किया, जिसने प्रदर्शनी को और अधिक जीवंत बना दिया। दर्शकों ने कलाकारों की रचनाओं के साथ-साथ उनकी सृजन प्रक्रिया को भी करीब से देखा और सराहा। प्रदर्शनी में बनाई जा रही पेंटिंग्स लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन लाइव डेमोंस्ट्रेशन, कला संवाद और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। खास बात यह है कि प्रदर्शनी को सभी कला प्रेमियों के लिए नि:शुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग कला और संस्कृति से जुड़ सकें।

संस्था की संस्थापक कमलेश नेगी और यशपाल उनियाल द्वारा कला संरक्षण एवं युवा कलाकारों को मंच देने के प्रयासों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कला प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि “स्मरण” जैसे आयोजन भविष्य में भी कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top