देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया। बड़े समारोह के बजाय वह देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे और वहां पढ़ने वाले बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। बच्चों के बीच मुख्यमंत्री ने केक काटा, उनसे बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर संस्थान के बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। धामी ने बच्चों के पास जाकर उनसे बातचीत की और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताए पल उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि हर बच्चे के भीतर प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता होती है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले। दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है।
बच्चों से बोले धामी- आत्मविश्वास से पार की जा सकती है हर चुनौती
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
धामी ने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए ऐसा वातावरण तैयार करना जरूरी है, जिसमें हर व्यक्ति अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सके।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के स्नेह और उनके चेहरों की खुशी को अपने जन्मदिन का विशेष उपहार बताया। इस दौरान उनकी पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने भेजा संदेश, धामी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में धामी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उत्तराखंड की प्रगति में उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता के जरिए प्रदेश के आगे बढ़ने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री का सहयोग और मार्गदर्शन उन्हें प्रदेश के विकास के लिए लगातार नई ऊर्जा देता है। (
अमित शाह, राजनाथ और योगी ने भी दी जन्मदिन की बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। शाह ने अपने संदेश में उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण और विकास कार्यों का उल्लेख किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा केदारनाथ से धामी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई अन्य नेताओं ने भी बधाई संदेश दिए।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे मंत्री-विधायक
जन्मदिन पर मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला भी चला। कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, दायित्वधारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भी मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न जगहों पर पूजा-अर्चना और अन्य कार्यक्रमों के जरिए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
