देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद हत्या की वारदात में बदल गया। आरोप है कि काम पर जाने की बात को लेकर हुई कहासुनी के दौरान पति ने पाटल से पत्नी के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डालनवाला पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी पति रामजी लाल से पूछताछ कर वारदात के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
तीन महीने पहले परिवार के साथ देहरादून आया था आरोपी
जानकारी के मुताबिक रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। करीब तीन महीने पहले वह रोजगार की तलाश में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ देहरादून आया था।
परिवार ने करीब 10 दिन पहले ही डालनवाला क्षेत्र के मोहनी रोड पर किराए पर कमरा लिया था। पति और पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे।
काम पर नहीं गया पति तो शुरू हुई कहासुनी
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया था। पत्नी ने उससे काम पर जाने के लिए कहा तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद रामजी लाल ने गुस्से में पाटल से पत्नी के गले पर हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची
वारदात की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के समय क्या परिस्थितियां थीं और विवाद किस तरह हिंसक घटना में बदल गया।
मृतका की बहन ने नशे को लेकर कही ये बात
मृतका की बहन सोनू पाल के मुताबिक उन्हें पति-पत्नी के बीच पहले से किसी गंभीर तनाव की जानकारी नहीं थी। उन्हें यह भी जानकारी नहीं थी कि रामजी लाल पहले पत्नी के साथ मारपीट करता रहा हो।
हालांकि, उन्होंने रामजी लाल के नशे का आदी होने की बात कही है। घटना के वक्त भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू समेत वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वजह तथा घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
