ELECTION RESULT: भाजपा ने बंगाल, असम, पुडुचेरी, केरलम में यूडीएफ और तमिलानडु में टीवीके की जीत

ELECTION RESULT: भाजपा ने बंगाल, असम, पुडुचेरी, केरलम में यूडीएफ और तमिलानडु में टीवीके की जीत

नई दिल्ली/कोलकाता। देश के पांच प्रमुख राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों ने भारतीय राजनीति की दिशा को नया मोड़ दे दिया है। सोमवार को मतगणना के साथ सामने आए रुझानों और नतीजों में कई बड़े राजनीतिक उलटफेर देखने को मिले, जिनका असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ना तय माना जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ढ़हाया ममता का किला

पश्चिम बंगाल में सबसे बड़ा राजनीतिक परिवर्तन सामने आया, जहां लंबे समय से सत्ता में रही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को करारा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार सरकार बनाने की स्थिति हासिल कर ली है। शुरुआती आंकड़ों में भाजपा बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकलती दिखी, जिससे राज्य की राजनीति में एक बड़ा सत्ता परिवर्तन तय हो गया। देर शाम तक भी अंतिम परिणाम जारी नहीं हुए हैं।

हालांकि भाजपा 200 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर चुकी या बढ़त बनाए हुए है। ऐसे में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार यहां तय हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी से 15 हजार से ज्यादा वोटों से हार गई हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु ने ममता को नंदीग्राम सीट पर शिकस्त दी थी। शुभेंदु अधिकारी प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

तमिलनाडु में थलपति विजय ने दिखाया कमाल

तमिलनाडु में चुनाव परिणाम सबसे ज्यादा चौंकाने वाले रहे। अभिनेता से नेता बने विजय जोसेफ (थलपति विजय) की पार्टी ने पारंपरिक दिग्गज दलों डीएमके और एआईएडीएमके को कड़ी टक्कर देते हुए निर्णायक बढ़त बना ली। रुझानों में उनकी पार्टी कई सीटों पर आगे दिखी, जिससे राज्य की दशकों पुरानी राजनीतिक संरचना में बदलाव के संकेत मिले। वह राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है हालांकि किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में यहां गठबंधन सरकार की संभावना है।

केरल में कांग्रेस नेतृत्व ने छीना वाम दलों से सत्ता

केरल में सत्ता परिवर्तन के साथ कांग्रेस को कुछ राहत मिली है। कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बनाई है। यह परिणाम राज्य में एक दशक बाद संभावित सत्ता बदलाव की ओर इशारा करता है और इसे मतदाताओं का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है। इसके साथ ही देश में अब कहीं भी वाम दलों की सरकार नहीं रह गई है।

असम में हिमंता के नेतृत्व में भाजपा की जादुई हैट्रिक

असम में भाजपा ने अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखते हुए सत्ता बरकरार रखने की दिशा में बढ़त बनाई। विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ कायम दिखी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि राज्य में भाजपा का जनाधार अभी भी मजबूत है। मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई। पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 से ज्यादा सीटों को जीतने में कामयाबी हासिल की है।

पुडुचेरी में एन रंगासामी और एनडीए ने बचाई सत्ता

वहीं पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपनी सत्ता बचाने में सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने अपनी सीट बरकरार रखी और गठबंधन ने बहुमत की ओर मजबूत बढ़त दर्ज की। यह चुनाव परिणाम पहले से अपेक्षित माना जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top