अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के डोल स्थित आश्रम में आयोजित श्री पीठम स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लेते हुए धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने 1100 कन्याओं का विधिवत पूजन किया और माँ राजेश्वरी का अभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थापित भव्य श्रीयंत्र और वहां संचालित आध्यात्मिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर स्थापित विशाल श्रीयंत्र श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने बाबा कल्याणदास की साधना और तपस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह स्थल आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रमुख केंद्र बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डोल आश्रम धार्मिक आस्था, साधना और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चारधाम यात्रा में हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या बेहतर व्यवस्थाओं का परिणाम है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
