गुड न्यूजः सीएम धामी ने लाखों जरूरतमंदों को दी राहत, ‘वन क्लिक’ के जरिये समाज कल्याण की पेंशन जारी

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य के लाखों जरूरतमंदों को बड़ी राहत देते हुए समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं की धनराशि ‘वन क्लिक’ के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की। इस दौरान अप्रैल माह की पेंशन के रूप में 7,56,682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये जारी किए गए। इनमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।

सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में पेंशन योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और हर साल बड़ी संख्या में नए लाभार्थी इससे जुड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रखा जाए। साथ ही 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों की पहचान कर समय रहते उनकी पात्रता से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उन्हें बिना किसी विलंब के पेंशन का लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आय सीमा को व्यावहारिक रखा जाए और विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नवाचार को बढ़ावा देने और विभागीय कार्यप्रणाली की बेहतर पहल को अन्य विभागों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया। पेंशनर्स से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए कॉल सेंटर व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम करते हुए हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top