देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम में उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण कर जिले को आधुनिक खेल सुविधा की सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री खिलाड़ियों के बीच बेहद उत्साहपूर्ण अंदाज में नजर आए। उन्होंने क्रिकेट पिच पर बल्लेबाजी कर उद्घाटन किया और खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरकर खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल सकें।
स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटबॉल और हॉकी खेल रहे खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाते हुए कहा कि खेल ही युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर ले जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों से गांव और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि क्रिकेट मैदान में जल्द ही फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को रात्रिकालीन अभ्यास की सुविधा भी मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को आधुनिक बनाने और उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
