देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शुक्रवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून में प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। कार्यक्रम के आयोजन में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को परेड ग्राउंड का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच निर्माण, अतिथियों और अन्य लोगों के बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात संचालन और वाहनों की पार्किंग को लेकर बनाई जा रही योजना की भी जानकारी ली। इसके अलावा पेयजल, साफ-सफाई और कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।
धामी ने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने के रास्तों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि भीड़ प्रबंधन में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में देरी की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी को उसकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से सौंपी जाए। व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए सभी काम निर्धारित समय से पहले पूरे करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


