श्री देव सुमन विश्वविद्यालय में 6 अक्टूबर से खेल मुकाबले, 11 प्रतियोगिताओं के लिए खेल कैलेंडर जारी

श्री देव सुमन विश्वविद्यालय में 6 अक्टूबर से खेल मुकाबले, 11 प्रतियोगिताओं के लिए खेल कैलेंडर जारी

ऋषिकेश। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं 6 अक्टूबर से शुरू होंगी। सत्र 2026–27 के लिए जारी खेल कैलेंडर में शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स और क्रिकेट सहित 11 खेल शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिताएं 5 दिसंबर तक अलग-अलग महाविद्यालयों एवं संस्थानों में आयोजित होंगी।

कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की अध्यक्षता में हुई क्रीड़ा परिषद की बैठक के निर्णयों के आधार पर कार्यक्रम तय किया गया है। विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों को निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आयोजक केंद्रों से संपर्क कर अपनी टीमों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।

शतरंज से शुरुआत, अक्टूबर में पांच खेलों के मुकाबले

खेल कैलेंडर की शुरुआत 6 और 7 अक्टूबर को शतरंज प्रतियोगिता से होगी। इसका आयोजन ओआईएमटी संस्थान, टिहरी गढ़वाल में किया जाएगा। प्रतिभाग के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर है।

वॉलीबॉल की महिला और पुरुष प्रतियोगिताएं 9 एवं 10 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता, देहरादून में होंगी। टीमों को 5 अक्टूबर तक पंजीकरण कराना होगा।

कबड्डी महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता के लिए 13 और 14 अक्टूबर की तिथियां तय की गई हैं। मेजबानी सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पीजी) कॉलेज, साहिया, देहरादून करेगा। पंजीकरण 8 अक्टूबर तक होगा। जारी कार्यक्रम में इस प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 85 किलोग्राम वजन सीमा निर्धारित की गई है।

टेबल टेनिस प्रतियोगिता 16 एवं 17 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में आयोजित होगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर रखी गई है। वहीं, एथलेटिक्स के मुकाबले 30 और 31 अक्टूबर को एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हरिद्वार में होंगे। एथलेटिक्स के लिए 25 अक्टूबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।

नवंबर में क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल और योग

पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 3 से 7 नवंबर तक आईटीएम कॉलेज, देहरादून में खेली जाएगी। इसमें हिस्सा लेने वाली टीमों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित है।

बैडमिंटन महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 13 और 14 नवंबर को ओआईएमटी संस्थान, टिहरी गढ़वाल में होगी। पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 18 एवं 19 नवंबर को पंडित ललित मोहन शर्मा श्रीदेव सुमन परिसर, ऋषिकेश में किया जाएगा। बैडमिंटन और फुटबॉल, दोनों के लिए पंजीकरण 10 नवंबर तक कराना होगा।

योग की महिला और पुरुष प्रतियोगिताएं 26 एवं 27 नवंबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में आयोजित होंगी। इनके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 नवंबर है।

दिसंबर में कुश्ती और खो-खो की बारी

कुश्ती महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 1 और 2 दिसंबर को सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज, देहरादून में होगी। प्रतिभागी 25 नवंबर तक पंजीकरण करा सकेंगे।

खो-खो की महिला एवं पुरुष प्रतियोगिताएं 4 और 5 दिसंबर को एसएमजेएन कॉलेज, हरिद्वार में आयोजित की जाएंगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 नवंबर तय की गई है।

प्रतिभा दिखाने के साथ मिलेगा प्रतिस्पर्धा का अनुभव: पुष्कर गौड़

क्रीड़ा परिषद के सचिव पुष्कर गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कैलेंडर में शामिल 11 खेलों के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी क्षमता प्रदर्शित कर सकेंगे। अंतरमहाविद्यालयी मुकाबलों से उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का भी अवसर मिलेगा।

समय से आयोजन स्थल पर पहुंचना अनिवार्य

विश्वविद्यालय ने प्रतिभागी टीमों को प्रतियोगिता शुरू होने से एक दिन पहले शाम 4 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, उनकी छायाप्रतियां और चिकित्सा प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। सभी टीमों के लिए एआईयू के निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य होगा।

कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने खिलाड़ियों और आयोजक महाविद्यालयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top