देहरादून। सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे 249 युवाओं के लिए शनिवार का दिन नई शुरुआत लेकर आया। देहरादून में आयोजित 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
20वां रोजगार मेला शनिवार, 19 सितंबर को देश के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न केंद्रीय सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। रोजगार मेला श्रृंखला के 20 संस्करण पूरे होने के साथ अब तक करीब 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
देहरादून में आयकर विभाग में सर्वाधिक 121 नियुक्तियां
देहरादून में कुल 249 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले। इनमें सबसे अधिक 121 अभ्यर्थियों का चयन वित्त मंत्रालय के आयकर विभाग में हुआ है। इसके अलावा एम्स में 53, भारतीय रेल में 30, डाक विभाग में 20 और प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा/नियंत्रक रक्षा लेखा में 18 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली।
भारतीय सर्वेक्षण विभाग में पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली, जबकि भारतीय प्रबंधन संस्थान और गृह मंत्रालय में एक-एक अभ्यर्थी का चयन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना चयनित युवाओं के साथ उनके परिवारों के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर है।
अजय टम्टा ने कहा- लगातार बढ़ाएं अपना कौशल
नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उन्हें सरकारी सेवा में चयन के लिए बधाई दी। उन्होंने युवाओं से iGOT कर्मयोगी से जुड़कर अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने और जनसेवा के माध्यम से विकसित भारत@2047 के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।
देशभर में बांटे गए51 हजार से ज्यादा नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले को संबोधित किया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस संस्करण में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मचारी राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत विभिन्न विभागों और संगठनों से जुड़े हैं।
प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए सरकारी सेवा में अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने और नए कौशल सीखते रहने पर जोर दिया। राष्ट्रीय रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी। पहले संस्करण में देश के 50 स्थानों पर 75 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र दिए गए थे।
