पिथौरागढ़। भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत तथा सदियों पुराने व्यापारिक संबंधों के प्रतीक ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित मेले में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पिथौरागढ़ जिले को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले को भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि इस मेले का इतिहास भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच पुराने व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों से जुड़ा रहा है। सदियों से यह आयोजन दोनों देशों के नागरिकों को एक-दूसरे के करीब लाने का माध्यम बना हुआ है। मेले के जरिए सीमांत क्षेत्र की लोकसंस्कृति, परंपराओं और स्थानीय पहचान को भी संरक्षण मिलता है।
धामी ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने यहां की संस्कृति और स्थानीय परंपराओं को करीब से देखा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी प्रोत्साहन देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमांत इलाकों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के कारण रोजगार एवं स्वरोजगार की बड़ी संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आजीविका के अवसर मिलें और दूरस्थ गांवों के लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचें।
इन प्रमुख योजनाओं का हुआ शिलान्यास
जौलजीबी मेले के मंच से मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें पिथौरागढ़ में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस), 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से जुड़े कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर बनने वाला मोटर पुल शामिल है।
इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी। सड़क संपर्क मजबूत होने, पेयजल आपूर्ति में सुधार और बाढ़ सुरक्षा के इंतजामों से स्थानीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी लेने के साथ स्थानीय उत्पादों को भी देखा। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी और भारत-नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।


