पौड़ी। राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पौड़ी जनपद स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) का नाम बदल दिया है। अब यह संस्थान ‘स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) पौड़ी’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में इस निर्णय पर त्वरित अमल करते हुए शासनादेश जारी कर दिया गया है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार द्वारा गुरुवार को इस संबंध में औपचारिक कार्यालय ज्ञाप निर्गत किया गया, जिसके साथ ही नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. अंकिता भंडारी के माता-पिता से भेंट कर यह दोहराया था कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया था कि परिवार द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर विधि-सम्मत, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा स्व. अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।
