देहरादून। राजधानी देहरादून एक बार फिर बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित 42वें उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज 22 मई से होने जा रहा है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 7 जून को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में देशभर की 16 मजबूत टीमें हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि इस बार नेपाल की टीम भी प्रतियोगिता में शामिल होगी, जिससे मुकाबले और ज्यादा रोमांचक होने की उम्मीद है। आयोजकों ने टीमों को चार अलग-अलग ग्रुप में बांटा है और क्वार्टर फाइनल से नॉकआउट चरण शुरू होगा।
एसोसिएशन के सचिव पीसी वर्मा ने बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी, जबकि रनरअप टीम को 7 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा हर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया जाएगा। पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को एक लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अधिकांश मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के मैच महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अल्फा क्रिकेट स्टेडियम गणेशपुर में आयोजित किए जाएंगे। सभी मुकाबले रंगीन ड्रेस और सफेद गेंद से खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को पेशेवर क्रिकेट जैसा अनुभव मिलेगा।
आयोजकों के मुताबिक कई राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल खिलाड़ियों के भी प्रतियोगिता में उतरने की संभावना है। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और परिवहन की व्यवस्था एसोसिएशन की ओर से की गई है।
इस दौरान राजीव दत्ता, डॉ. जे.एस. सचान, योगेन्द्र बाजपाई, कुमार थापा, दीपक जोशी, संतोष गैरोला, संदीप सिंह रावत, देवेन्द्र सती, इन्दीवर सरल और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
