देहरादून। उत्तराखंड में राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को अब पूरी तरह ऑनलाइन और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में सरकार ने एक नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (URCMS) पोर्टल शुरू कर दिया है, जिसके जरिए अब नागरिक घर बैठे ही राशन कार्ड से संबंधित कई सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत अब नया राशन कार्ड बनवाने से लेकर उसमें परिवार के सदस्यों का नाम जोड़ने या हटाने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो सकेगी। इससे लोगों को बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विभाग का कहना है कि इस पोर्टल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि आम उपभोक्ता आसानी से इसका उपयोग कर सके।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आधार आधारित ओटीपी सत्यापन जरूरी होगा। वहीं, पुराने राशन कार्ड में किसी भी तरह का संशोधन परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद संबंधित बदलाव सिस्टम में दर्ज हो जाएंगे।
हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाई होगी, वे पहले की तरह तहसील या पूर्ति कार्यालय में जाकर भी आवेदन कर सकते हैं।
इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी की ओर से सभी राशन कार्ड धारकों से समय पर ई-केवाईसी पूरी करने की अपील की गई है। इसे ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे भी किया जा सकता है। विभाग ने लोगों को 30 मई से पहले ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में राशन वितरण में किसी तरह की बाधा न आए।
