दून लाइब्रेरी में यूएनसीए की फोटो प्रदर्शनी, डॉ. निशंक बोले- समय और इतिहास को दर्ज करते हैं फोटो जर्नलिस्ट

दून लाइब्रेरी में यूएनसीए की फोटो प्रदर्शनी, डॉ. निशंक बोले- समय और इतिहास को दर्ज करते हैं फोटो जर्नलिस्ट

देहरादून। उत्तराखंड न्यूज कैमरामैन एसोसिएशन (यूएनसीए) ने दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में फोटो प्रदर्शनी और फोटो प्रतियोगिता आयोजित की। प्रदर्शनी में फोटो जर्नलिस्टों की तस्वीरों के जरिए उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, सामाजिक सरोकार और समसामयिक विषयों को प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल फोन के कारण कोई भी व्यक्ति फोटो या वीडियो बनाकर उसे तुरंत सोशल मीडिया पर साझा कर सकता है, लेकिन सामान्य फोटोग्राफी और फोटो जर्नलिज्म में बड़ा अंतर है।

डॉ. निशंक ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट सिर्फ तस्वीर नहीं खींचता, बल्कि वह समय का दस्तावेज तैयार करता है। वह घटनाओं का साक्षी होता है और समाज की सच्चाई को कैमरे के जरिए सामने लाता है। ऐसी तस्वीरें भविष्य के लिए इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाती हैं।

 यूएनसीए अध्यक्ष राजू पुशोला ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में फोटो जर्नलिज्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती विश्वसनीयता बनाए रखने की है। वास्तविक फोटो जर्नलिस्ट की ताकत केवल कैमरा नहीं, बल्कि उसकी ईमानदारी, अनुभव, नजर और तथ्यों के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि तस्वीरों में संवेदना, जिम्मेदारी और सत्यता बनी रहे।

कार्यक्रम में मानसून थीम पर आयोजित फोटो प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। दून विश्वविद्यालय की छात्रा समृद्धि ने पहला स्थान हासिल किया। रितिका पाल दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि रिद्धि को तीसरा पुरस्कार मिला। सुवानी कृष्णा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी फोटो जर्नलिस्टों को प्रशस्ति पत्र दिए। वरिष्ठ कैमरामैन किशोर अरोड़ा तथा फोटोग्राफर इंद्रदेव रतूड़ी और जितेंद्र नेगी को मीडिया क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड सिने अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार पाने वाले कैलाश कंडवाल को भी सम्मानित किया गया।

दून विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राओं के लिए फोटो जर्नलिज्म कार्यशाला भी आयोजित की गई। अनुभवी छायाकारों ने विद्यार्थियों को फील्ड रिपोर्टिंग, दृश्य चयन और फोटोग्राफी की बारीकियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पुनीत मित्तल और बीर सिंह पवार मौजूद रहे। यूएनसीए की ओर से अध्यक्ष राजू पुशोला, सचिव मुकेश राजपूत, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष कैलाश कंडवाल, सह-सचिव अफजाल अहमद सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव मुकेश राजपूत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top