कर्मचारियों और पेंशनरो को बढ़े महंगाई भत्ते की सौगात, विकास योजनाओं को रफ्तार; धामी सरकार के बड़े फैसले

कर्मचारियों और पेंशनरो को बढ़े महंगाई भत्ते की सौगात, विकास योजनाओं को रफ्तार; धामी सरकार के बड़े फैसले

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की तर्ज पर 1 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हजारों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

सरकार के इस निर्णय को बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ जनवरी 2026 से देय होगा, जिससे कर्मचारियों के वेतन और पेंशन में भी वृद्धि देखने को मिलेगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है।

स्वीकृत योजनाओं में चम्पावत जिले के कोतवाली पंचेश्वर में छह टाइप-द्वितीय आवासों एवं चाहरदीवारी निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं हल्द्वानी फायर स्टेशन परिसर में कर्मचारियों के लिए 64 टाइप-द्वितीय, आठ टाइप-तृतीय और चार टाइप-चतुर्थ आवासों के निर्माण हेतु 36.64 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा थाना रीठासाहिब, चम्पावत में आवासीय निर्माण कार्यों के लिए 3.47 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दूसरी ओर अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार और चमोली जिले के ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण को भी मंजूरी मिली है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से पुलिस, अग्निशमन और सार्वजनिक सुविधाओं का ढांचा मजबूत होगा, साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top