देहरादून। परेड मैदान स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में शुक्रवार को आयोजित समारोह में क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि प्रदेश की लोकतांत्रिक चेतना की आवाज है। उन्होंने कहा कि क्लब ने वर्षों से पत्रकारिता की मर्यादा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को कायम रखते हुए समाज और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की रीढ़ है, जो न केवल सत्ता को जवाबदेह बनाती है, बल्कि आम नागरिक को जागरूक भी करती है।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल युग की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के दौर में अफवाहें और भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैलती हैं। ऐसे में तथ्य आधारित, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पत्रकारों ने हर परिस्थिति में निडरता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है। पत्रकारों की लेखनी में वह ताकत है, जो समस्याओं को सामने लाने के साथ समाधान की दिशा भी तय करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण को लेकर लगातार प्रयासरत है। सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवास जैसी सुविधाओं को लेकर ठोस कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जा रहा है। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना, पत्रकार पेंशन में वृद्धि और देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय व्यवस्था जैसे निर्णय इसी सोच का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण का प्रस्ताव उन्होंने स्वयं कैबिनेट में रखा था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह भवन प्रदेश के लिए एक आदर्श प्रेस क्लब के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष का बजट बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है, जिससे पत्रकारों को और अधिक मजबूती मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार निरंतर काम कर रही है। वर्ष 2026–27 के बजट में भी मीडिया सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रावधान किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी पत्रकारों को बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हमेशा पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब भवन निर्माण को लेकर लिया गया निर्णय पत्रकार समुदाय के लिए ऐतिहासिक कदम है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष अजय सिंह राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाई, महामंत्री योगेश सेमवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा एवं मीना नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, सम्प्रेक्षक विजय जोशी सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
