पीपलकोटी। चमोली के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों तथा रेस्क्यू टीमों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को अब तक हुए रेस्क्यू अभियान और मौके की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शेष तीन लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है।
रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम घायलों का उपचार करने के साथ उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
बृहस्पतिवार रात को टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की करीब तीन किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल में लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से हादसा हुआ। मुख्यमंत्री ने मौके पर रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों से स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल करने के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव दलों के बीच लगातार बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
घायलों के उपचार और परिजनों की सहायता पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान के साथ घायलों के उपचार, उनके परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बचाव दलों के साथ निरंतर समन्वय रखते हुए अभियान को पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।
