देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर में टी-स्टेट से सटे रिहायशी इलाकों की सुरक्षा, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में टी-स्टेट प्रबंधन, कैंटोनमेंट बोर्ड और क्षेत्रवासियों के बीच सामंजस्य बैठक हुई, जिसमें बाउंड्री वॉल, तारबाड़, सुरक्षा गार्ड, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर सहमति बनी।
जोगेंद्र पुंडीर ने कहा कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन, टी-स्टेट प्रबंधन, कैंटोनमेंट बोर्ड और क्षेत्रवासियों के बीच समन्वय जरूरी है। बैठक का उद्देश्य केवल मांगों को सामने रखना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को तय कर जल्द समाधान की दिशा में काम शुरू कराना है।
बैठक में टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा, सुरक्षा अधिकारी सूरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार और स्थानीय लोग शामिल हुए। क्षेत्रवासियों ने बताया कि टी-स्टेट की जमीन से सटे रिहायशी इलाकों में कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है। कुछ हिस्सों में बाउंड्री वॉल नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जबकि कई जगह तारबाड़ और निगरानी की व्यवस्था जरूरी है।
चर्चा के दौरान टी-स्टेट प्रबंधन से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। साथ ही जिन स्थानों पर बाउंड्री वॉल की जरूरत है, वहां दीवार निर्माण और अन्य संवेदनशील हिस्सों में तारबाड़ लगाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। टी-स्टेट मैनेजर नीरज शर्मा ने मांगों को स्वीकार करते हुए जल्द आवश्यक कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया।
बैठक में कुछ स्थानों पर सुरक्षा गार्डों की तैनाती का मुद्दा भी उठाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों के आसपास निगरानी मजबूत होने से असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी और लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। तय किया गया कि टी-स्टेट से सटे इलाकों और सड़क किनारों पर कूड़ा-कचरा फेंकने से रोकने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर एक समिति गठित करने पर भी सहमति बनी, जो सफाई व्यवस्था और जागरूकता अभियान में सहयोग करेगी।
कैंटोनमेंट बोर्ड तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संवेदनशील स्थानों पर पथ प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे। इससे क्षेत्र की निगरानी के साथ-साथ रात के समय आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा भी मजबूत होने की उम्मीद है। बैठक में खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
